छत्तीसगढ़ की केंद्रीय परियोजनाओं की समीक्षा, मुख्य सचिव विकासशील ने कैबिनेट सचिव को दी प्रगति की जानकारी

रायपुर, 22 सितंबर 2026। केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और केंद्रीय टास्क फोर्स से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नया रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) से वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लिया। उन्होंने राज्य में संचालित प्रमुख केंद्रीय परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी केंद्र सरकार के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।
राजमार्ग, रेलवे और पावर ट्रांसमिशन परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में राज्यों में चल रही महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। इसमें राजमार्ग, रेलवे लाइन, पावर ट्रांसमिशन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन से संबंधित विषयों की समीक्षा की।
केंद्रीय योजनाओं के फंड का समय पर उपयोग
समीक्षा बैठक में केंद्रीय योजनाओं के तहत राज्यों को प्राप्त फंड का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही योजनाओं से संबंधित उपयोगिता प्रमाण-पत्र (Utilization Certificate) केंद्र सरकार को शीघ्र भेजने के संबंध में भी चर्चा हुई।
मुख्य सचिवों से प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि योजनाओं की प्रगति की लगातार निगरानी की जा सके।
केंद्रीय विभागों के अधिकारियों ने ली योजनाओं की जानकारी
केंद्रीय टास्क फोर्स की बैठक के दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यों में अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य सचिवों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई।



