खेलछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिक

CM विष्णु देव साय का बड़ा ऐलान: खेल विकास के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये

रायपुर,10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। नवा रायपुर में पद्म भूषण सम्मानित बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी शुरू होने से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के जोरा में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा एवं अनुबंध हस्ताक्षर समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें पहचानने, तराशने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने की है।

खेल विकास के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार ने खेलों के समग्र विकास के लिए चालू वित्तीय वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। सरकार का उद्देश्य है कि शहरों के साथ-साथ दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन मिलें।

बस्तर ओलंपिक में 3.91 लाख खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक को दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक के पहले वर्ष में लगभग 1.65 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर करीब 3.91 लाख हो गई।

साय ने कहा कि बस्तर के युवा अब खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि इन युवाओं को भी बड़े शहरों के खिलाड़ियों की तरह आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं।

नवा रायपुर में खेल और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में खेल संस्कृति और सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा।

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज और भारी उद्योगों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, सेवा क्षेत्र और आधुनिक शहरी अधोसंरचना में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर इन नई संभावनाओं का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी शुरू होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास को गति देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार, खेल और रोजगार के क्षेत्र में बढ़ती सुविधाओं से स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को मजबूत करने के लिए भी काम कर रही है। मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रणाली और शासकीय सेवाओं के डिजिटलीकरण से नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

2047 तक छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था 75 लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य ने वर्ष 2047 तक अपनी अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हाल ही में सिंगापुर प्रवास के दौरान डेटा सेंटर, कृषि प्रसंस्करण और अन्य क्षेत्रों में निवेश को लेकर चर्चा हुई। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

स्वस्थ और सशक्त युवा पीढ़ी जरूरी: पुलेला गोपीचंद

पद्म भूषण सम्मानित पुलेला गोपीचंद ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में निवेश केवल खिलाड़ियों को तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी समाज के निर्माण में भी योगदान देता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनके शारीरिक विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। उन्हें दौड़ने, कूदने और विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षित होने के साथ स्वस्थ और सक्रिय युवा पीढ़ी का निर्माण भी जरूरी है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री ओपी चौधरी, पुलेला गोपीचंद, प्रह्लाद राय अग्रवाल, दीपचंद राजलीवाल, पवित्र कुमार, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य अतिथि और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button