Cyclone Arnab Alert: छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी, स्कूलों में अवकाश घोषित

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड पर है। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 28 अक्टूबर को कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर सहित विभिन्न जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। धमतरी जिले में भी सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
धमतरी में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद
धमतरी जिले में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए बुधवार को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने अवकाश का आदेश जारी किया है।
बालोद में विद्यार्थियों की छुट्टी, शिक्षकों को राहत नहीं
बालोद जिले में भी चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका के चलते 28 अक्टूबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, यह छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगी। शिक्षकों को निर्धारित समय पर अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा। जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
राजनांदगांव और मोहला-मानपुर में भी स्कूल बंद
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिलों में भी 28 अक्टूबर को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों ने आदेश जारी किए हैं।
छत्तीसगढ़ में दो दिन भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को तेज हवाओं और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की भी सावधानी बरतनी चाहिए।





