खेलछत्तीसगढ़

एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप 2026: भिलाई की सोनम शर्मा को भारतीय टीम में मिली जगह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की खबर है। भिलाई की प्रतिभाशाली नेटबॉल खिलाड़ी सोनम शर्मा का चयन 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय महिला नेटबॉल टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 8 से 15 अगस्त 2026 तक हांगकांग में आयोजित होगी। एक महीने तक चले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (कैंप) के बाद भारतीय टीम की घोषणा की गई, जिसमें सोनम शर्मा ने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंतिम टीम में अपनी जगह बनाई।

सोनम शर्मा का यह पहला अंतरराष्ट्रीय अवसर नहीं है। इससे पहले भी वह एशियाई सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप और एशियाई जूनियर नेटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

सोनम की इस उपलब्धि पर नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा, महासचिव राजेश राठौर सहित संघ के पदाधिकारियों, राष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सोनम शर्मा की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उनकी उपलब्धि से युवाओं में नेटबॉल के प्रति उत्साह बढ़ेगा और वे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने कहा कि सोनम जैसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अनुभव और प्रतिभा का उपयोग प्रदेश में नेटबॉल की मजबूत नर्सरी तैयार करने के लिए किया जाएगा। विशेष रूप से जांजगीर-चांपा सहित विभिन्न जिलों में उभरते खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button