Bilaspur Road Accident: तेज रफ्तार मालवाहक ने तीन लोगों को कुचला, दो भाइयों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों और उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मालवाहक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बातचीत कर रहे थे तीनों ग्रामीण
घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, भटगांव निवासी बरातुदास मानिकपुरी अपने भाई चंदुदास मानिकपुरी और प्रीतमदास मानिकपुरी के साथ अपने दामाद के घर गया था। वहां से लौटने के बाद तीनों प्रीतमदास के घर के पास बाइक खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान सेंवार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक वाहन के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों ग्रामीणों और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो भाइयों की मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातुदास मानिकपुरी और प्रीतमदास मानिकपुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदुदास मानिकपुरी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद आरोपी चालक मालवाहक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। बिल्हा पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



