CG News: प्रदेश के रोड नेटवर्क का बनेगा 20 साल का मास्टर प्लान, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

रायपुर, 18 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने के लिए छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत दीर्घकालिक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के सड़क, ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क सहित प्रमुख अधोसंरचना क्षेत्रों के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मिशन के लिए लोक निर्माण विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश के रोड नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें मौजूदा अधोसंरचना की स्थिति, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं और संभावित विकास क्षेत्रों का आकलन किया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से तय होगी परियोजनाओं की प्राथमिकता
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 20 वर्षीय मास्टर प्लान के आधार पर अधोसंरचना परियोजनाओं की प्राथमिकता चरणबद्ध तरीके से तय की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक परियोजना के क्रियान्वयन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि केवल सड़क कनेक्टिविटी ही नहीं, बल्कि ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार और डिजिटल कनेक्टिविटी को भी एकीकृत दृष्टिकोण के साथ देखा जाना चाहिए। आने वाले वर्षों में किन क्षेत्रों में किस प्रकार की अधोसंरचना की आवश्यकता होगी, इसका आकलन कर योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब की संभावनाएं तलाशी जाएंगी
बैठक में प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सड़क और रेल सहित विभिन्न परिवहन माध्यमों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए आवश्यक परियोजनाओं की पहचान करने के निर्देश दिए।
इसका उद्देश्य माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ प्रदेश में अधोसंरचना के विकास को गति देना है।
नए फंडिंग मैकेनिज्म पर भी होगा अध्ययन
अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए नए वित्तीय विकल्पों की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके तहत निजी और सार्वजनिक निवेश सहित विभिन्न वित्तीय विकल्पों का परीक्षण किया जाएगा, ताकि बड़ी परियोजनाओं के लिए उपयुक्त वित्तीय व्यवस्था विकसित की जा सके।
20 साल के मास्टर प्लान के साथ बनेगा वार्षिक एक्शन प्लान
मुख्य सचिव ने 20 वर्षीय मास्टर प्लान के साथ वार्षिक एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें हर साल प्रस्तावित कार्यों, उनकी प्राथमिकता, आवश्यक संसाधनों और समय-सीमा को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया जाएगा।
उन्होंने परियोजनाओं की बेहतर प्लानिंग और मैपिंग के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों में विकसित की जा रही आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों के एक्सपोजर विजिट आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वहां की आधुनिक तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुरूप अपनाया जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मिशन के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर तथा लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



