छत्तीसगढ़

गौमाता की पूजा कर CM साय ने मांगा आशीर्वाद, छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए कही ये बात

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश के किसानों के खेत-खलिहानों में भरपूर फसल होने तथा छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास की मंगलकामना भी की।

प्रकृति और गौसेवा के प्रति कृतज्ञता का पर्व है गोवर्धन पूजा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का जो संदेश दिया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष और पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की सांस्कृतिक चेतना की भी अभिव्यक्ति है।

गोवर्धन पूजा एकजुटता और लोककल्याण का देती है संदेश

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें यह याद दिलाता है कि मानव जीवन की वास्तविक समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की पौराणिक कथा संकट के समय एकजुटता, परस्पर सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे, किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में गौवंश और खेती-किसानी का विशेष महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के संरक्षण, गौसेवा और सामाजिक सद्भाव के महत्व का संदेश देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button