छत्तीसगढ़प्रशासनिक

रायपुर के गोल बाजार में ऐतिहासिक गणेशोत्सव, CM साय ने की पूजा और पहनाया स्वर्ण मुकुट

रायपुर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के उल्लास से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोल बाजार पहुंचकर श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक कीमत का स्वर्ण मुकुट पहनाया।

बताया गया कि भगवान गणेश को पहनाया गया स्वर्ण मुकुट करीब 771 ग्राम वजन का है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। मुख्यमंत्री साय ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश का तिलक किया, आरती उतारी और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

गणपति बप्पा से प्रदेश की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक भी है।

उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े और प्रदेश के हर घर-परिवार में सुख, शांति एवं खुशहाली का वास हो।

117 साल पुरानी है गोल बाजार की गणेशोत्सव परंपरा

मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार में पिछले 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना अपने आप में गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का काम करती हैं।

गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। भव्य गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें गजमाला पहनाकर स्वागत किया।

पूरे गोल बाजार परिसर में गणेशोत्सव का उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा

भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार में ही स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर की इस प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा भी व्यक्त की।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button