छत्तीसगढ़

भीषण हादसा: रायपुर से नागपुर जा रही SUV बनी हादसे का शिकार, 3 बच्चों समेत 8 ने गंवाई जान

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाखनी तहसील क्षेत्र में रायपुर से नागपुर जा रही एक SUV की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि SUV में सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, SUV में सवार लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर SUV की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि SUV ट्रक में फंस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को ट्रक से बाहर निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद लेनी पड़ी।

तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

इस हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन घायलों को तत्काल उपचार के लिए साकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button