
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को बोधराज पाड़र के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया गया।
एसपी मयंक गुर्जर के निर्देशन और एएसपी (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों का एक डंप बरामद हुआ, जिसमें एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस और एक एल्यूमिनियम कंटेनर मिला।
सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




