छत्तीसगढ़राजनीतिक

झीरम मामले पर सियासी घमासान: अरुण साव के बयान पर भूपेश बघेल का पलटवार, बोले- ‘हमने अपने बड़े नेताओं को खोया

रायपुर। झीरम घाटी मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की बैठक और नेताओं के बयानों को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने भी पलटवार करते हुए झीरम हमले में कांग्रेस के बड़े नेताओं को खोने का हवाला दिया। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

अरुण साव ने झीरम मामले को लेकर कांग्रेस की बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने भूपेश बघेल के पुराने दावे का जिक्र करते हुए कहा कि वह लगातार कहते रहे कि ‘झीरम का सच मेरी जेब में है’, लेकिन जांच के दौरान वह सच सामने नहीं आया। साव ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने इस मामले में केवल राजनीति की।

भूपेश बघेल का पलटवार

अरुण साव के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झीरम हमले में अपने बड़े नेताओं को खोया है। बघेल ने कहा कि साव के परिवार के किसी सदस्य की इस घटना में हत्या नहीं हुई है, इसलिए शायद वह उस दर्द और एहसास को नहीं समझ सकते।

कवासी लखमा पर संदेह को लेकर क्या बोले साव?

झीरम घाटी मामले में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा को लेकर उठ रहे सवालों पर भी अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एनआईए ने मामले की विस्तार से जांच की है और बड़ी संख्या में लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आए हैं, वे चार्जशीट में शामिल होंगे।

गौरतलब है कि 2013 के झीरम घाटी हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं समेत 29 लोगों की मौत हुई थी। सितंबर 2026 में विशेष एनआईए अदालत ने मामले में 10 दोषियों को मृत्युदंड सुनाया है। फैसले के बाद कांग्रेस की ओर से जांच और मामले के व्यापक पहलुओं को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

बिलासपुर में संदिग्ध बांग्लादेशियों की जांच पर भी बोले अरुण साव

बिलासपुर में बांग्लादेशियों की जांच को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर बेवजह आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ लोग संदिग्ध मिले थे, जिसके आधार पर जांच की जा रही थी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में संबंधित व्यक्ति भारतीय नागरिक पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ केवल नागरिकता के आधार पर कार्रवाई नहीं होगी।

कांग्रेस की अनुशासन समिति पर भी साधा निशाना

कांग्रेस की अनुशासन समिति की बैठक को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंदर-बाहर का खेल चलता रहता है। साव ने आरोप लगाया कि पार्टी में न संविधान है और न नियम, बल्कि यह एक परिवार की पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जब चाहें किसी को बाहर और जब चाहें किसी को अंदर करने की परंपरा रही है।

झीरम घाटी मामले में अदालत के फैसले के बाद अब राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज है। कांग्रेस जहां फैसले और जांच के कुछ पहलुओं पर सवाल उठा रही है, वहीं भाजपा नेता इसे अदालत के फैसले के रूप में देखते हुए कांग्रेस के रुख पर सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button