
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में भाजपा के सेवा और संकल्प अभियान के बीच पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने भाजपा से सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सामूहिक हस्ताक्षरित त्यागपत्र सौंपा है। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय भाजपा संगठन में खलबली मच गई है।
इन पार्षदों ने सौंपा इस्तीफा
भाजपा जिला अध्यक्ष को त्यागपत्र सौंपने वालों में पुसौर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद बलराम, वार्ड 14 के पार्षद शौकीलाल चौहान, वार्ड 11 के पार्षद रूपेश कुमार साव, वार्ड 1 के पार्षद प्रदीप यादव, वार्ड 2 के पार्षद फागूलाल प्रधान, वार्ड 3 की पार्षद मंजू पटेल, वार्ड 7 के पार्षद वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव शामिल हैं।
विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप
पार्षदों ने अपने त्यागपत्र में नगर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है और विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है।
त्यागपत्र में पार्षदों ने कहा कि उनके वार्डों में जनसुविधा से जुड़े पानी, बिजली, सड़क, नाली और अन्य विकास कार्य नहीं किए जा रहे हैं। इसके अलावा पार्षद निधि से प्रस्तावित कार्यों के भी नहीं होने की बात कही गई है। पार्षदों ने इन्हीं परिस्थितियों को इस्तीफे का आधार बताया है।
सामूहिक इस्तीफे से बढ़ी राजनीतिक हलचल
पुसौर नगर पंचायत के एक साथ 8 पार्षदों के इस्तीफे से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्षदों की ओर से विकास कार्यों और नगर पंचायत स्तर पर कथित समस्याओं को लेकर जताई गई नाराजगी अब पार्टी संगठन के लिए चुनौती बन गई है। अब भाजपा संगठन की ओर से इस घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर नजर रहेगी।




