डिप्टी CM अरुण साव की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को जांजगीर जिला मुख्यालय में चारों विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो।

नगरीय विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने कहा कि जिन विकास एवं निर्माण कार्यों की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। कार्य शुरू करने में देरी और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दोनों परिसरों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के साथ जल आवर्धन योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्रोत पर कचरा पृथक्करण और संग्रहण को प्रभावी बनाने, एनर्जी बिल ऑडिट कराने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।

पीएम आवास और पीएम स्वनिधि की समीक्षा
अरुण साव ने नगरीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। लंबित हितग्राही प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को जल्द शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
जल जीवन मिशन पर विशेष जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में अरुण साव ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों के आयोजन से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहने की हिदायत
बैठक में अरुण साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान और काम के लिए उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं। ऐसे में उनके प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैया रखा जाए, ताकि उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



