छत्तीसगढ़

जगदलपुर के संजय मार्केट में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से 16 वर्षीय युवक की मौत; CCTV में कैद हुई घटना

रायपुर। जगदलपुर शहर के संजय मार्केट में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक संजय मार्केट में दोसा सेंटर लगाकर परिवार की मदद करता था। हादसा उस समय हुआ, जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा था और ठेले के ऊपर चढ़कर झिल्ली ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह वहां पड़े कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गया।

जानकारी के मुताबिक, युवक रोज की तरह सुबह करीब 7:30 बजे अपना दोसा सेंटर खोलने संजय मार्केट पहुंचा था। दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वह ठेले के ऊपर चढ़कर उस पर लगी झिल्ली को ठीक करने लगा। इसी दौरान उसका संपर्क कटे हुए बिजली के तार से हो गया। करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और कुछ ही पल में उसकी मौत हो गई।

लोगों ने पुलिस और परिजनों को दी सूचना

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को देखा और तत्काल पुलिस तथा उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा की कार्रवाई की।

बताया गया कि पुलिस की ओर से शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की बात कही गई थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

CCTV कैमरे में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

पूरी घटना मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में युवक ठेले के ऊपर चढ़कर झिल्ली ठीक करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आ जाता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

इस हादसे के बाद संजय मार्केट में शोक का माहौल है। साथ ही बाजार में खुले और कटे हुए बिजली के तारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button