बलौदाबाजार में दो सड़क हादसे: ट्रक की टक्कर से शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत, गार्डन चौक पर दो कारों की भिड़ंत

बलौदाबाजार। जिले में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। पहले हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सरकारी शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में शहर के व्यस्त गार्डन चौक पर दो कारों की टक्कर से यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।पुलिस के अनुसार, मृतक सत्यप्रकाश सोनवानी (34) निवासी खोरसीनाला और गोपी किशन आदिल (25) निवासी सोनपुरी गांव, संदीप स्थित सरकारी शराब दुकान में कार्यरत थे। दोनों शनिवार देर रात दुकान का काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बलौदाबाजार की ओर जाते समय उनकी बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया और उसके बाद स्वयं भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को पलारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पलारी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच भी कर रही है।गार्डन चौक पर दो कारों की आमने-सामने टक्करइसी दिन बलौदाबाजार शहर के व्यस्त गार्डन चौक पर भी एक सड़क दुर्घटना हुई। जानकारी के अनुसार, सेंट्रल डिवाइडर के कट से सड़क पार करने के दौरान दो कारें आमने-सामने टकरा गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमल कॉलोनी की ओर से निकल रही एक कार जैसे ही मुख्य सड़क पर पहुंची, उसी समय भाजपा कार्यालय की दिशा से आ रही दूसरी कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के कारण दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।हालांकि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए गार्डन चौक पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

