महाराष्ट्र के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढही, 9 की मौत

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बालाजी नगर स्थित चार मंजिला ‘कोहिनूर अपार्टमेंट’ की ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि मलबे में कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा 30 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे नारपोली थाना क्षेत्र के भंडारी कंपाउंड स्थित बालाजी नगर में हुआ। इमारत के ढहते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
पहले से जर्जर घोषित थी इमारत
भिवंडी-निजामपुर नगर निगम (BNCMC) ने कोहिनूर अपार्टमेंट को पहले ही ‘सी-कैटेगरी’ (बेहद खतरनाक) घोषित किया था। नगर निगम के नोटिस के बाद अधिकांश परिवारों को इमारत से बाहर निकाल दिया गया था। इसके बावजूद ग्राउंड फ्लोर पर कथित रूप से बिना अनुमति मरम्मत और रिनोवेशन का काम जारी था।
बीम काटने के दौरान ढहा भवन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार के कर्मचारी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बीम काटने का काम कर रहे थे। इससे पहले से कमजोर हो चुका ढांचा अचानक संतुलन खो बैठा और पूरी ‘बी’ विंग ढह गई। आशंका है कि मलबे में दबे अधिकांश लोग वहीं काम कर रहे मजदूर थे।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे इमारत से दरार पड़ने और तेज आवाजें आने लगी थीं। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने कई परिवारों को तुरंत बाहर निकलने की सलाह दी। उनकी सतर्कता के कारण बड़ा जनहानि टल गई।
NDRF-TDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद मौके पर NDRF, TDRF, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंच गईं। राहत कार्य में पोकलेन मशीनें, चार दमकल वाहन, स्निफर डॉग और एम्बुलेंस की मदद ली जा रही है। रेस्क्यू टीम ने मलबे से एक महिला को जीवित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जबकि अन्य लोगों की तलाश लगातार जारी है।
प्रशासन की जांच शुरू
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अवैध मरम्मत और बिना अनुमति संरचनात्मक बदलाव को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



