राजिम को मिली बड़ी सौगात, सरकार ने नगर पालिका बनाने की अधिसूचना की जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों को बड़ी सौगात देते हुए राजिम नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर नगर पालिका कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। शासन के इस फैसले के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान राजिम नगर पंचायत की सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी। लंबे समय से राजिम को नगर पालिका का दर्जा देने की मांग की जा रही थी, जिसे अब राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने से राजिम के सुनियोजित और समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब शहर के विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका बनने के बाद सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से स्थानीय नागरिकों तक पहुंचाया जा सकेगा।
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस निर्णय से शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और भविष्य में विकास परियोजनाओं को भी नई गति मिलेगी।



