Governmentछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकमनोरंजन

रायपुर टाउन हॉल में सजी छत्तीसगढ़ की गौरवगाथा, इतिहास से विकास तक दिख रही पूरी तस्वीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी नागरिकों और विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के संघर्ष और बलिदान, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा तथा राज्य की विकास और सुशासन यात्रा से रूबरू हो रहे हैं।

प्रदर्शनी में एआई तकनीक के जरिए छत्तीसगढ़ की विरासत और पर्यटन का अभिनव अनुभव भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। आधुनिक तकनीक और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के इस संगम को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इसके अलावा प्रदर्शनी परिसर में छत्तीसगढ़ से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें आगंतुक इतिहास, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्नों के माध्यम से अपने ज्ञान को परख रहे हैं। विद्यार्थियों और युवाओं के बीच क्विज को लेकर खासा उत्साह है।

तस्वीरों में दिख रहा स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े दुर्लभ छायाचित्र, ऐतिहासिक दस्तावेज और महत्वपूर्ण प्रसंग प्रदर्शित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जननायकों और अमर बलिदानियों के योगदान को विशेष स्थान दिया गया है। महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास तथा प्रदेश में हुए सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े प्रसंग भी यहां प्रदर्शित किए गए हैं।

विद्यार्थियों ने बताया कि पुस्तकों में पढ़े स्वतंत्रता संग्राम के प्रसंगों को वास्तविक छायाचित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से देखना उनके लिए अलग और प्रेरणादायी अनुभव रहा। इससे उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को करीब से समझने का अवसर मिला।

वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा

प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर केंद्रित खंड है। इसमें इसकी रचना से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रजागरण के प्रेरणादायी स्वर के रूप में इसकी भूमिका को ऐतिहासिक संदर्भों और छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

यह खंड नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन में ‘वंदे मातरम्’ की भूमिका और राष्ट्रभावना जागृत करने में इसके योगदान से परिचित करा रहा है। विद्यार्थियों ने इस हिस्से में विशेष रुचि दिखाई।

स्वतंत्रता की गौरवगाथा से विकास की नई तस्वीर तक

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के साथ छत्तीसगढ़ की वर्तमान विकास यात्रा को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी पहलों की जानकारी भी यहां दी गई है।

महिलाओं, किसानों, युवाओं, श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों के सशक्तिकरण से जुड़ी उपलब्धियों के साथ सुशासन तिहार, हरित छत्तीसगढ़, शिक्षा एवं अधोसंरचना विस्तार, सड़क और रेल संपर्क, औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश और रोजगार के नए अवसरों की झलक भी प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है।

विद्यार्थियों ने बताया ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी अनुभव

प्रदर्शनी देखने पहुंचे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इसे सुंदर, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और उनके योगदान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। शिक्षकों के अनुसार ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति, इतिहास के प्रति रुचि और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना विकसित करने में उपयोगी हैं।

वृत्तचित्र के जरिए विकास यात्रा की प्रस्तुति

प्रदर्शनी परिसर में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से आगंतुक राज्य में हुए विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के प्रभाव को दृश्य माध्यम से समझ रहे हैं।

21 अगस्त तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी

कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में आयोजित यह सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा, छत्तीसगढ़ के वीर सेनानियों का योगदान, राज्य की विकास यात्रा, एआई तकनीक से पर्यटन एवं विरासत का अनुभव और ज्ञानवर्धक क्विज को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button