Governmentछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकवायरल खबरें

सुप्रीम कोर्ट से स्थगन हटने के दो दिन बाद 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति, विभाग ने जारी किए आदेश

रायपुर, 24 अगस्त 2026 छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इनमें 101 सिविल इंजीनियर और 10 विद्युत/यांत्रिकी इंजीनियर शामिल हैं। प्रमुख अभियंता कार्यालय की ओर से नियुक्ति के साथ सभी चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना के आदेश भी जारी किए गए हैं।

विभाग ने सभी चयनित उप अभियंताओं को नियुक्ति आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर संबंधित पदस्थापना कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ज्वाइनिंग देने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय-सीमा में उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट से मामला निपटने के बाद तेज हुई नियुक्ति प्रक्रिया

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में उप अभियंता (सिविल) के 118 और उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) के 10 पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने अप्रैल 2025 में लिखित परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद जुलाई 2025 में व्यापम की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण और पदस्थापना विकल्प के लिए काउंसलिंग भी कराई गई थी।

हालांकि, उच्चतम न्यायालय में दायर स्थगन के कारण नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। 20 अगस्त 2026 को उच्चतम न्यायालय द्वारा प्रकरण का निराकरण किए जाने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई।

इसके बाद 22 अगस्त को प्रथम चरण में अनुशंसित चयन सूची के अनुसार 101 सिविल और 10 विद्युत/यांत्रिकी उप अभियंताओं के पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए।

जल जीवन मिशन के कार्यों को मिलेगी रफ्तार

उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बड़ी संख्या में युवा इंजीनियरों की नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इन युवा इंजीनियरों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी। विशेष रूप से जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय से प्रकरण का निराकरण होने के तत्काल बाद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर पदस्थापना आदेश जारी किए गए हैं। युवा इंजीनियरों की ऊर्जा और तकनीकी दक्षता का लाभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मिलेगा।

ज्वाइनिंग के समय इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों को पदस्थापना कार्यालय में उपस्थित होते समय आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इनमें—

  • शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र
  • स्थायी जाति प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • सक्षम मेडिकल बोर्ड का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
  • अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र

शामिल हैं।

इसके अलावा मूल तकनीकी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र के साथ कक्षा 10वीं की अंकसूची, जिसमें जन्मतिथि दर्ज हो, अथवा मूल जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य किया गया है।

विभाग की इस नियुक्ति से बड़ी संख्या में युवा इंजीनियरों को सरकारी सेवा का अवसर मिला है। वहीं, जल जीवन मिशन समेत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन में भी तेजी आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button