छत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

नक्सलियों के डंप का खुलासा, भारी मात्रा में हथियार-गोला बारूद और विस्फोटक बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 24 अगस्त को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने भेज्जी थाना क्षेत्र के ग्राम भण्डारपदर और मुनुरकोंडा के पहाड़ी-जंगल इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की।

एसपी के मार्गदर्शन में चला सर्चिंग अभियान

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्चिंग की। ग्राम भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डंप की जानकारी मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर डंप की सघन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ऑटोमेटिक हथियारों के साथ विभिन्न देशी हथियार, बीजीएल लांचर, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा नक्सली गतिविधियों में उपयोग होने वाली वर्दी, बैग, बेल्ट, सोलर प्लेट और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई है।

भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

सुरक्षा बलों के अनुसार बरामद सामग्री में 1 एसएलआर रायफल, 1 .315 बोर रायफल, 1 .410 मस्केट रायफल, 6 बीजीएल लांचर, 1 सिंगल शॉट रायफल, 1 .315 बोर देशी कट्टा, 5 बारह बोर रायफल और 7 भरमार बंदूकें शामिल हैं।

इसके अलावा 45 एके-47 के जिंदा राउंड, 196 एसएलआर राउंड, 89 इंसास राउंड, 97 .303 रायफल राउंड, 20 .315 रायफल राउंड और 45 बारह बोर रायफल के जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं।

सर्चिंग टीम को 240 जिलेटिन स्टिक, 66 बीजीएल कार्ट्रिज, 89 बीजीएल सेल, 5 देशी हैंड ग्रेनेड और 18 किलो गन पाउडर भी मिला है। मौके से हथियारों के खाली खोखे, मैगजीन पाउच, बीजीएल पाउच और अन्य विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई।

नक्सली गतिविधियों से जुड़ी अन्य सामग्री भी मिली

डंप से 7 जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, 32 काले और 22 हरे कमर बेल्ट, 11 सीटी गार्ड, 7 मंकी कैप, 2 वेल्डर शील्ड, 2 सोलर प्लेट, 7 पिट्टू बैग, 5 नीले ड्रम, दवाइयां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद हुई है।

बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button