छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंराजनीतिकवायरल खबरें

विष्णुदेव साय समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता हुए शामिल, ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर चर्चा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायपुर में भारतीय जनता पार्टी की प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का राष्ट्रव्यापी सेवा महाभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। भाजपा कार्यकर्ताओं से योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान भी किया गया।

13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे आयोजित

अभियान के तहत प्रदेशभर में करीब 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को बूथ स्तर पर परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत 2047 का संकल्प लेने की योजना है।

सीएम साय ने बताया पीएम मोदी से छत्तीसगढ़ का पुराना नाता

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के बीच पुराने संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के समय नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी रहे और उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद भी नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से अटूट संबंध बना हुआ है और वे लगातार प्रदेश के विकास के लिए योजनाओं को मंजूरी दे रहे हैं। उन्होंने नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के बाद बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में आए बदलाव का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

शिवप्रकाश बोले- मोदी से सीखें संगठन के प्रति समर्पण

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असंभव को संभव करने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने गुजरात के पुनर्निर्माण से लेकर देश के विकास तक प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सर्वोच्च पद पर होने के बावजूद संगठन को सर्वोपरि मानने की भावना का पालन करते हैं। शिवप्रकाश ने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने दिए संगठनात्मक निर्देश

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों के लिए संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश के बाद जिला और मंडल स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।

सभी 13 कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। मंत्रियों, सांसदों और पार्टी पदाधिकारियों को भी अभियान से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- जनता तक पहुंचाएंगे सरकार की उपलब्धियां

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष अतुलनीय और अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान भाजपा कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगे।

अभियान के दौरान खिलाड़ियों, पद्मश्री विजेताओं और उत्कृष्ट सांस्कृतिक कलाकारों का सम्मान करने के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और भाजपा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button