
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश एवं प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ियों का पंजीयन संबंधित ट्रायल स्थल पर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा।
चयन ट्रायल में राज्य के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि अंकित प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
23 सितंबर को तीरंदाजी और फुटबॉल का ट्रायल
गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी तथा बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल 23 सितंबर को आयोजित होगा। तीरंदाजी का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा और तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने होगा।
इस दिन खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण किया जाएगा।
24 सितंबर को हॉकी और एथलेटिक्स का ट्रायल
गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए चयन ट्रायल 24 सितंबर को सुबह 7 बजे से होगा। ट्रायल के लिए स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा तथा सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 को केंद्र बनाया गया है।
इन खेलों के खिलाड़ियों का भी पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी निःशुल्क सुविधाएं
चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों का चयन उनके खेल प्रदर्शन और प्रतिभा के आधार पर किया जाएगा। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खिलाड़ियों के लिए जरूरी: ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ी निर्धारित तिथि पर सुबह समय से पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराएं।


