दंतेवाड़ा से अमेरिका तक चमका छत्तीसगढ़ का नाम, CM विष्णु देव साय ने गणेश कुमार कर को लिखी चिट्ठी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की माटी से निकलकर अमेरिका में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी छत्तीसगढ़िया गणेश कुमार कर की उपलब्धियों और अपनी जन्मभूमि के प्रति उनके जुड़ाव की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सराहना की है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें एक स्नेह भरा पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने विदेश में रहते हुए भी छत्तीसगढ़ की भाषा, संस्कृति, परंपरा और विरासत को सहेजने तथा प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र मिलने पर गणेश कुमार कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वीडियो में मुख्यमंत्री का पत्र भी प्रदर्शित किया।
दंतेवाड़ा से अमेरिका तक का सफर, अपनी माटी से नहीं टूटा नाता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में कहा कि दंतेवाड़ा से अमेरिका तक गणेश कुमार कर की यात्रा प्रेरणादायक है। विदेश में व्यस्त जीवन बिताने के बावजूद अपनी जन्मभूमि, भाषा, संस्कृति और परंपराओं से उनका जुड़ाव छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनके गहरे लगाव को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है।
NACHA के जरिए विदेशों में छत्तीसगढ़ियों को कर रहे एकजुट
मुख्यमंत्री ने नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के माध्यम से विदेशों में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों को एक मंच पर जोड़ने के प्रयासों की विशेष सराहना की।
उन्होंने कहा कि विदेश में अपनी मातृभाषा सुनना, छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहारों को सामूहिक रूप से मनाना और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखता है। इस तरह के प्रयास विदेशों में भी छत्तीसगढ़ की पहचान और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करते हैं।
अमेरिका में स्वदेशी मेले से भारतीय संस्कृति को मिल रहा मंच
गणेश कुमार कर द्वारा आयोजित ‘स्वदेशी मेला’ की पहल को भी मुख्यमंत्री ने सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों, कला, संस्कृति और परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस तरह के आयोजन विदेशों में भारतीय संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों की पहचान को मजबूत करने का माध्यम बन रहे हैं।
‘उड़ान’ पहल से विद्यार्थियों की शिक्षा और छात्रवृत्ति में सहयोग
मुख्यमंत्री ने गणेश कुमार कर की ‘उड़ान’ पहल की भी प्रशंसा की। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों को उन्होंने सामाजिक संवेदनशीलता और अपनी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सफलता हासिल करने के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है।
विकसित छत्तीसगढ़ 2047 में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की होगी अहम भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशों में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों का अनुभव, ज्ञान और अपनी मातृभूमि के प्रति लगाव प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने गणेश कुमार कर से सभी प्रवासी छत्तीसगढ़ियों तक राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं पहुंचाने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री का पत्र पाकर भावुक हुए गणेश कुमार कर
मुख्यमंत्री का स्नेह भरा पत्र प्राप्त होने के बाद गणेश कुमार कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर उनका आभार जताया। वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए पत्र को भी दिखाया।
उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा जैसे आदिवासी बहुल वनांचल जिले से निकलकर अमेरिका में अपनी पहचान बनाने वाले गणेश कुमार कर आज भी छत्तीसगढ़ की मिट्टी, भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हुए हैं। प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को संगठित करने, भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने और विद



