CG Weather News: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, 20 जिलों में यलो अलर्ट और 5 में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम में बदलाव देखने को मिला, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिली। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। जगदलपुर और आसपास के इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के प्रभाव से बुधवार और गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में भी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है मौसम सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 सितंबर को सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित था। यह पिछले छह घंटों के दौरान करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।
इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली का प्रभाव छत्तीसगढ़ के कई जिलों में देखने को मिल सकता है।
आज कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं
बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश की बात करें तो कवर्धा में 4 सेंटीमीटर, राजपुर और कोटा में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2 सेंटीमीटर तथा जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव शामिल हैं।
इन जिलों में यलो अलर्ट
बारिश को लेकर सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है।



