छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिक

CM साय का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ की दूरियां घटेंगी, हवाई कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मॉडिफाइड उड़ान योजना के नए चरण के तहत भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में अहम पहल बताया है।

नई दिल्ली में हुए समझौते पर छत्तीसगढ़ शासन की ओर से विमानन सचिव मुकेश बंसल ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस समझौते से प्रदेश की भौगोलिक दूरियां कम होंगी और विकास की गति को नई मजबूती मिलेगी।

छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगा हवाई संपर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेहतर हवाई संपर्क का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि छोटे शहरों और दूरस्थ अंचलों तक भी पहुंचे। समझौते के तहत प्रदेश में नए हवाई संपर्क, हवाई पट्टियों के विकास और दूरस्थ क्षेत्रों में हेली-कनेक्टिविटी के विस्तार की संभावनाओं को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से नागरिकों का आवागमन आसान होगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है। हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रदेश के पर्यटन क्षेत्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

दूरस्थ क्षेत्रों में हेली-कनेक्टिविटी का विस्तार आपातकालीन चिकित्सा सहायता, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।

CM साय ने PM मोदी और केंद्रीय मंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ देश के विस्तारित होते विमानन नेटवर्क से और मजबूती से जुड़ेगा।

100 हवाई अड्डे और 200 आधुनिक हेलीपैड का लक्ष्य

उल्लेखनीय है कि मॉडिफाइड उड़ान योजना के तहत देश में मौजूदा अनुपयोगी हवाई पट्टियों से 100 हवाई अड्डे विकसित करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल से छत्तीसगढ़ में भी हवाई संपर्क के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button