खेलछत्तीसगढ़प्रशासनिकराजनीतिक

CM साय ने बढ़ाया ज्ञानेश्वरी यादव का मान, 30 लाख की प्रोत्साहन राशि और DSP पदोन्नति

रायपुर, 3 अगस्त 2026 राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी (DSP) पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के गौरव, मेहनत और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता रजत पदक

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि प्रदेश के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

बेटियों और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है।

सरकार खेल प्रतिभाओं को दे रही पूरा सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां छत्तीसगढ़ का हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करें और तिरंगा लहराएं।

पहले भी दी थी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उनकी ज्ञानेश्वरी यादव से मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में उनका स्वागत करते हुए उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उत्सव का क्षण बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button