ताज़ा खबरें

पेपर लीक पर प्रधानमंत्री का सख्त संदेश, CM विष्णुदेव साय बोले- युवाओं के हित में बड़ा कदम

रायपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी किया। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पेपर लीक कोई मामूली घटना नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर अपराध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पेपर लीक की घटनाओं के बाद पिछले ढाई महीनों में कई अहम कदम उठाए गए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और सरकार की प्राथमिकता यह रही कि विद्यार्थियों का शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो। इसी उद्देश्य से परीक्षाएं समय पर कराई गईं और 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित किए गए।

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार केवल गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहेगी। संबंधित विभागों को फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था और दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। तैयार मसौदे पर मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी, जिसके बाद इसे विधायी प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।

CM विष्णुदेव साय ने किया प्रधानमंत्री के संकल्प का स्वागत

प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी पहल का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प अभूतपूर्व है।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

सरकार का कहना है कि नए कानूनी प्रावधानों के लागू होने के बाद पेपर लीक जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और दोषियों को त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के तहत कड़ी सजा मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button