छत्तीसगढ़वायरल खबरें

CG Crime: नाबालिग से 3 साल तक दुष्कर्म का आरोप, पिता समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और उसके बाद उसकी गर्भावस्था छिपाकर प्रसव कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पिता पर करीब तीन साल तक दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने आरोपी पिता समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

फर्जी आधार कार्ड से अस्पताल में कराया भर्ती

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसके पिता ने अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर में जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देता था।

पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी जब उसकी बुआ को हुई तो आरोप है कि पिता ने उसके साथ मारपीट की और बुआ की मदद से उसे गर्भपात की दवा खिलाई। इसके बाद गर्भपात हो गया।

2025 में दोबारा हुई गर्भवती

पुलिस को दिए बयान के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी पिता ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म जारी रखा। वर्ष 2025 में वह दोबारा गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी होने पर पिता उसे वर्षा मंडल के घर ले गया। वहां पीड़िता को अपने पास रखने और सुरक्षित प्रसव कराने की बात कही गई।

कुछ समय बाद वर्षा मंडल ने पीड़िता को अपनी परिचित गीता राय के घर भेज दिया। पीड़िता करीब दो महीने तक वहां रही।

उम्र छिपाकर अस्पताल में कराया भर्ती

आरोप है कि पीड़िता की कम उम्र छिपाने के लिए उसकी उम्र अधिक बताई गई और उसे विवाहित दर्शाकर रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रसव के बाद नवजात को डॉक्टर, पीड़िता के पिता और अन्य संबंधित लोगों द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को दिए जाने का आरोप है। इस दौरान पीड़िता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। प्रसव के बाद उसे करीब 15 दिनों तक गीता राय के घर रखा गया और फिर उसके पिता के घर भेज दिया गया।

पिता समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पिता समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस मामले में आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और नवजात को कथित रूप से किसी अन्य व्यक्ति को दिए जाने की घटना की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button