छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खबर, 9 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती, आज रोजगार मेले का आखिरी दिन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए आज, 8 अक्टूबर को रोजगार पाने का आखिरी मौका है। रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आज समापन होगा। रोजगार मेले में करीब 10 हजार युवाओं को नौकरी मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल रखने वाले युवा अपनी पात्रता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

यह रोजगार मेला कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है। मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हुई है। स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियों को भी इस रोजगार मेले में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री बांटेंगे चयनित युवाओं को ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

10वीं-12वीं से इंजीनियरिंग और MBA तक के लिए अवसर

रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के लिए रिक्तियां उपलब्ध हैं।

तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पद शामिल हैं।

इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पदों पर भी नौकरी के अवसर हैं। बैंकिंग, फाइनेंस और HR से जुड़े पद भी उपलब्ध हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर, सुरक्षा क्षेत्र में गार्ड और सुपरवाइजर, जबकि परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों पर भी भर्ती का अवसर है।

ये कंपनियां दे रही हैं रोजगार

रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियां भाग ले रही हैं।

इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, NIIT, AISECT, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट जैसी कंपनियां भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

ई-रोजगार पोर्टल से भी कर सकते हैं आवेदन

युवाओं को रोजगार मेले में उपलब्ध पदों की जानकारी और आवेदन के लिए ई-रोजगार पोर्टल की सुविधा दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं।

पोर्टल के माध्यम से कंपनियां अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन भी देख सकती हैं। इससे प्रारंभिक चयन प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलती है।

पिछले वर्षों में हजारों युवाओं का हुआ चयन

छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों तथा प्लेसमेंट कैंप के जरिए हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों में 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए थे।

वित्त वर्ष 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, बलौदाबाजार और दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों में 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वहीं, 2026 में सितंबर तक प्रदेश में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

ऐसे में रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेला छत्तीसगढ़ के उन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो निजी क्षेत्र में अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी की तलाश कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button