दिव्यांग अशोक के लिए राहत की खबर, आवेदन के दिन ही मिला सहायक उपकरण

रायपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सुगम जीवन की दिशा में सहयोग दिया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम तुर्रीडीह निवासी 70 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग अशोक सिंह को आवेदन करने के दिन ही ट्राईसायकल उपलब्ध कराई गई।
चलने-फिरने में कठिनाई के कारण अशोक सिंह को दैनिक जरूरतों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में परेशानी होती थी। उन्होंने अपनी आवश्यकता को लेकर ट्राईसायकल प्रदान करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन की जानकारी कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशों के अनुपालन में आवेदन की तिथि को ही अशोक सिंह को ट्राईसायकल प्रदान कर दी गई। सहायक उपकरण मिलने पर अशोक सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।
ट्राईसायकल मिलने से अब अशोक सिंह अपने दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए पहले की तुलना में अधिक सुगमता से आवागमन कर सकेंगे। जिला प्रशासन की त्वरित पहल से उन्हें न केवल आवागमन में सुविधा मिली है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहारा मिला है।



