CM साय का बड़ा ऐलान: छत्तीसगढ़ में शीतकालीन सत्र में पारित होगा UCC

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य में इसे लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक जल्द होगी। इसके बाद आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में UCC विधेयक पारित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कर्नाटक रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी टिप्पणी
कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन हिंसक गतिविधियां स्वीकार्य नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस कश्मीर की तरह पत्थरबाजी पर उतर आई है। लोकतंत्र में प्रदर्शन का अधिकार सबको है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई जरूर होगी।”
कर्नाटक दौरे पर क्या बोले CM?
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि वे कर्नाटक के सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे और कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।



